Ticker

6/recent/ticker-posts

सर्व शिक्षा अभियान के तहत बजरंग पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक



सिकन्दरपुर, बलिया।1 मार्च।गुरुवार को पूर्वाह्न 10 बजे श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय ,दादर आश्रम, सिकन्दरपुर, बलिया में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई के तत्वावधान में चतुर्थ एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया ।

इसके अंतर्गत 'सर्व शिक्षा जागरूकता अभियान' रैली  महाविद्यालय से लेकर ग्राम रामपुर कटराईज तक निकाली गई। महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. शिव बहादुर सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ततपश्चात उन्होंने  राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्व शिक्षा अभियान का लक्ष्य बहुत महान है। सभी को शिक्षा देना राज्य एवं समाज दोनों का पुनीत कर्त्तव्य है।रैली में स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को शिक्षा हेतु जागरूक किया एवं उन्हें  शिक्षा के महत्व से अवगत कराया।ग्रामीणों को यह समझाया कि शिक्षा जीवन को कैसे नया आयाम देती है, शिक्षा न केवल व्यक्ति को आत्मनिर्भर एवं संपन्न बनाती है बल्कि अच्छा नागरिक भी बनाती है।


 इस दौरान  सब पढ़ें, सब बढ़ें, आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे,  सुनो भईया सुनो बहना, तुम जरूर ही पढ़ना,  बच्चों के अधिकार हैं चार, शिक्षा, सेहत, हक और प्यार,  हमारा संकल्प हमारा टूट गया, यदि एक भी बच्चा छूट गया,   पढ़ ले बिटिया, लिख ले बिटिया, अक्षर -अक्षर चुन ले बिटिया,  बेटा-बेटी एक समान, सबकी पढ़ाई एकसमान,  माता ही हो यदि अज्ञान, बच्चे कैसे बनें महान, घर-घर विद्या दीप जलाएँ, लड़का-लड़की सभी पढ़ाएं, नून रोटी खाएंगे, पर बच्चों को जरूर पढ़ाएंगे इत्यादि विभिन्न नारे स्वयंसेवकों ने लगाये। रैली का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ कृष्ण कुमार सिंह ने किया । रैली में महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष अतुलेश यादव, उपाध्यक्ष अजीत पासवान, कृष्ण कुमार साहू इत्यादि ने भी भाग लिया।महाविद्यालय में रैली की वापसी पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ अशोक कुमार ने रैली का स्वागत किया।उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान जैसे अति महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता रैली निकालने के लिए महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई को धन्यवाद दिया।

 इसके उपरांत 'सर्व शिक्षा अभियान: एक परिचय' विषय पर एक शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में जूनियर हाईस्कूल, सिकन्दरपुर, बलिया के अध्यापक डॉ. मोहन कांत राय ने भाग लिया। उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान के विभिन्न आयामों - विशेषताओं,उद्देश्यों इत्यादि से स्वयंसेवकों को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत बच्चों को सहज, सरल एवं सरस ढंग से शिक्षण हेतु अध्यापकों को प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया जाता है।विद्यालय, विद्यार्थी को अपने घर से भी अच्छा लगे, इसके लिए भी शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को गठित किया गया।विद्यालय को आकर्षित बनाने का प्रयास किया गया।इस अभियान के कारण ही पठन -पाठन के प्रति विद्यार्थियों में रुचि जाग्रत हुई है और इसके उद्देश्यों-विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास- को प्राप्त किया जा रहा है। उन्होंने स्वयंसेवकों को सर्व शिक्षा अभियान के बहुत ही महत्वपूर्ण नारों से अवगत कराया। संगोष्ठी की अध्यक्षता डॉ अशोक कुमार ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जिस दिन भारत मे सभी शिक्षित हो जाएंगे, देश उसी दिन से विकास की नयी राह पर चल पड़ेगा।मुख्य अतिथि प्राथमिक विद्यालय-सन्दवापुर के प्रधानाध्यापक डॉ. शम्भू नाथ यादव ने कहा कि सभी को शिक्षा सर्व शिक्षा अभियान का सबसे महत्वपूर्ण विशेषता है।इसके पहले के अभियानों  में कभी भी सभी की शिक्षा को लक्ष्य नहीं बनाया गया था। कार्यक्रम अधिकारी डॉ कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाती है। जागरूक नागरिक ही लोकतंत्र  की रक्षा कर सकते हैं।इसीलिए लोकतंत्र की सफलता के लिए शिक्षा को आवश्यक माना जाता है। राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य भी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।अंत में उन्होंने संगोष्ठी में प्रतिभाग कर रहे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

 रैली एवं संगोष्ठी की तैयारियों में उमेश यादव, अजय कुमार, दुर्गेश चौरसिया, राजकुमार यादव, सुमित शर्मा, मुकेश चौरसिया, वैभव वर्मा, विवेक कुमार यादव, अभिनन्दन यादव, मनीषा यादव,रविकान्त तिवारी, रत्नेश दुबे, रोशन गुप्ता, साक्षी भारद्वाज,जुगेश शर्मा,संदीप कुमार, गौरव मोदनवाल, नीरज यादव इत्यादि ने विशेष रूप से सहयोग किया।


Post a Comment

0 Comments